Thursday, 14 June 2012

मेरा पहला ब्लॉग

यह मेरा पहला ब्लॉग है|आज से इंटरनेट की इस विशाल दुनिया का मैं भी एक छोटा सा अंश बन गया हूँ |छोटा ही सही, लेकिन इन्टरनेट की इस दुनिया का यह कोना मेरा अपना है,मेरे अपने घर की तरह जहाँ पहुँचते ही मुझे सुकून महसूस होता है |यहाँ मैं अपनी पसंद का कुछ भी कर सकता हूँ,कह सकता हूँ |विचारों की एक ऐसी उड़ान भर सकता हूँ जो असीमित है|ब्लॉग लेखन मेरे लिए बिलकुल नया है |सच बताऊँ तो काफी समय तो केवल यही समझने में निकल गया कि आखिर यह ब्लॉग होता क्या है |फिर जब अपने कुछ मित्रों की मदद से इसके बारे में जाना,तो मेरी भी इच्छा होने लगी इंटरनेट की इस दुनिया का एक हिस्सा बन जाने की |आज अगर मैं यह ब्लाग लिखने का साहस कर पा रहा हूँ तो अपने उन्हीं मित्रों की बदौलत,जो मुझे इस काबिल समझते हैं कि मैं कुछ लिख सकता हूँ और दुनिया के साथ अपने उन लेखों को बाँट भी सकता हूँ |
आपमें से बहुत से लोग मुझसे पहली बार मिल रहे हैं|कुछ को तो मैं खुद यहाँ खींच कर लाया हूँ और बाकि शायद भूले भटके या मेरे किसी शुभचिंतक की बदौलत यहाँ पहुंचे हैं |आप सभी का मैं अपनी इस छोटी सी दुनिया में तहे दिल से स्वागत करता हूँ| चूँकि आपमें से अधिकाँश लोग मुझे ठीक से नहीं जानते इसलिए पहले आप सबको अपना एक छोटा सा परिचय दे दूं |सबसे पहले तो मैं आप सब को यह बता दूं की मैं कोई लेखक नहीं हूँ और न ही लिखने की इतनी समझ रखता हूँ |पर शब्दों को अपना सबसे पुराना और अच्छा दोस्त ज़रूर मानता हूँ |हर व्यक्ति की तरह मेरी भी लगभग हर चीज़ के बारे में अपनी ही एक राय है |और यही राय मैं यहाँ इस ब्लाग के ज़रिये आप सब के साथ बांटने की कोशिश करूँगा |ज़रूरी नहीं कि आपमें से हर कोई इस राय से सहमत हों पर यदि आप भी मेरे साथ अपनी राय बांटेंगे तो मुझे बहुत खुशी होगी |मेरे लेख एक तरह से मेरे मन का दर्पण हैं और इसलिए किसी खास तरह से न लिखे होकर बस बेढंगे तरीके से मन में आते विचारों के साथ साथ चलते नज़र आते हैं |
हालाँकि यह मेरा पहला ब्लॉग है लेकिन मैं पिछले कुछ समय से लेख लिखता आ रहा हूँ जिनमें से कुछ अन्य वेबसाईट पर और कुछ मेरे पास पहले से लिखे रखे हैं| इससे पहले की मैं कोई नए विचार इस ब्लाग के ज़रिये आप तक पहुँचाऊँ, मैं अपने दिल के करीब के कुछ पुराने लेखों को भी आप सब के साथ बांटना चाहूँगा |अगर किसी कारणवश मेरे इन लेखों से किसी का भी अपमान हुआ हो तो उसके लिए मैं क्षमा मांगता हूँ |आशा है आप मेरे लेखों पर अपनी टिप्पणियां कर,मुझे अपने आप को बेहतर बनाने का एक मौका ज़रूर देंगे |

No comments: